उत्तराखंड : जंगलों में रुक नहीं रहा आग का तांडव, वन विभाग ने बुझाने में लगाई ताकत >>>>>>>>> राज्यपाल ने राजभवन परिसर में पुलिस के प्रवेश पर लगाई रोक, वित्त मंत्री चंद्रिमा पर भी लगा 'प्रतिबंध' >>>>>>>>> माध्यमिक परीक्षा में जिलों ने मारी बाजी, कूचबिहार का चंद्रचूड़ टॉपर >>>>>>>>> टीएमसी ने कुणाल घोष लिया एक्शन, महासचिव पद से हटाया
Dainik Vishwamitra

रविवार १२ मई २०२४

जमशेदपुर एफसी जीता, मोहन बागान को 2-1 से हराया



 
बेम्बोलिन। जमशेदपुर एफसी ने सोमवार को बेम्बोलिन स्थित जीएमसी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 के लीग मुकाबले में एटीके मोहन बागान को 2-1 से हरा दिया। जमशेदपुर की जीत में सीमिलेन डूंगेल ने पहले हाफ में और स्थानापन्न खिलाड़ी एलेक्जेडर लिमा ने दूसरे हाफ में एक-एक गोल किया। बागान की ओर से प्रीतम कोटल ने मैच के अंतिम समय में सांत्वना गोल दागा। इस जीत के बाद जमेशदपुर चार मैचों से आठ अंक लेकर तालिका में दूसरे स्थान पर बना हुआ है। वहीं, यह बागान की लगातार दूसरी हार रही और वह चार मैचों में छह अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। जमशेदपुर के मिडफील्डर जितेंद्र सिंह को हीरो ऑफ द मैच अवार्ड दिया गया।

मैच के 37वें मिनट में जमशेदपुर एफसी को उस समय 1-0 की बढ़त मिली, जब सीमिलेन डूंगेल ने गोल किया। एक शानदार मूव पर जितेंद्र सिंह मध्य मैदान से गेंद लेकर तेजी से आगे बढ़े और सही समय पर उन्होंने दाएं फ्लैंक पर डूंगेल की ओर गेंद बढ़ा दी। यह मणिपुरी विंगर गेंद लेकर मोहन बागान के बॉक्स में घुसा और उसने एक तेज शॉट से गेंद को गोलपोस्ट के अंदर पहुंचा दिया। गोल करने के सात मिनट बाद ही डूंगेल को बाहर जाना पड़ा, क्योंकि वह विपक्षी खिलाड़ी से गेंद छिनने के प्रयास में अपना पैर चोटिल करा बैठे थे और उनके स्थान पर बोरिस सिंह मैदान पर उतरे।

मैच का दूसरा गोल 84वें मिनट में जमशेदपुर एफसी के लिए स्थानापन्न खिलाड़ी एलेक्जेडर लिमा ने दागा। वह स्कॉटिश फॉरवर्ड ग्रेग स्टीवर्ट के स्थान पर उतरे थे और मैदान पर उतरने के 22सेकेंड में ब्राजीली मिडफील्डर ने जमशेदपुर की बढ़त 2-0 कर दी। उन्होंने मध्य मैदान से बोरिस सिंह के पास पर एक कोणीय शॉट लगाया और गेंद बायीं ओर डाइव लगा रहे गोलकीपर अमरिंदर सिंह के बगल से गोलपोस्ट पर चली गई। इसके पांच मिनट बाद ही मोहन बागान के खिलाड़ियों का संघर्ष रंग लाया। जब 89वें मिनट में बागान के डिफेंडर प्रीतम कोटल ने स्कोर 1-2 कर दिया। यह गोल कुछ विवादास्पद रहा, क्योंकि प्रीतम ने मौके का फायदा उठाते हुए गेंद को गोलजाल की ओर धकेला था जबकि जमशेदपुर के खिलाड़ी ऑफसाइड की मांग करते रहे, लेकिन रैफरी ने गोल मान्य किया। मैच के 43वें मिनट में जमशेदपुर के ब्राजीली डिफेंडर एली साबिआ ने गोल-साइन से गेंद क्लीयर करके शानदार बचाव किया। मोहन बागान के फॉरवर्ड रॉय कृष्णा के प्रयास को जमशेदपुर के गोलकीपर टीपी रेहेनेश सही ढंग से नहीं रोक पाए और गेंद गोलपोस्ट की ओर बढ़ रही थी। ऐसे में साबिआ ने गोललाइन से गेंद को क्लीयर करके गोल नहीं होने दिया।


फ़ुटबॉल