ठंड ने राजधानी में बरपाया कहर, पारा 1.1 डिग्री तक गिरा
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में नव वर्ष के पहले दिन शुक्रवार को ठंड ने कई वर्षों का रिकाॅर्ड तोड़ते हुए कहर बरपा दिया। दिल्ली में सुबह न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम है। कोहरा और धुंध ने दोपहर बाद तक राजधानी को अपने आगोश में रखा। सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता का स्तर करीब-करीब शून्य हो गया था।
मौसम विभाग के अनुसार यहां आर्द्रता का स्तर 70 प्रतिशत रहा। यहां अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने रात में तापमान में और गिरावट आने का अनुमान जताया है। विभाग ने यहां शनिवार को हालांकि हल्की बारिश होने के आसार जताये हैं। यहां अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने रविवार से मंगलवार के बीच राजस्थान के पूर्वी भाग, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने का अनुमान जताया है।
मौसम के इस कड़े रुख के कारण राजधानी के लोगों को खासी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। आज की ठंड ने 10 से अधिक वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। हांड़ कपां देने वाली इस ठंड के कारण बुुजुर्गों और बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। घरों के बाहर लोग कम नजर आये और सड़कों पर वाहनों की संख्या काफी कम रही।
घने कोहरे के कारण दृश्यता का स्तर काफी कम हो जाने से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कई दुर्घटनायें होने की खबरें हैं। (वार्ता)