कोलकाता, 13 नवंबर: यूनेस्को पश्चिम बंगाल सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग के सहयोग से 19 और 20 नवंबर को न्यूटाउन के रवींद्र तीर्थ में ‘अंतरराष्ट्रीय पारंपरिक मुखौटा नृत्य उत्सव’ आयोजित करेगा।  

13-28ae069906ab

दो दिन के इस उत्सव में भारत, श्रीलंका और दक्षिण कोरिया की पांच पारंपरिक मुखौटा नृत्य शैलियां पेश की जाएंगी। इनमें पश्चिम बंगाल के पुरुलिया का छऊ और दिनाजपुर का गोमीरा, मध्य प्रदेश का कर्मा शैला, श्रीलंका का टुक्का वाडु कोलम और दक्षिण कोरिया का हेसो तलछुम शामिल हैं। हर शैली का अपना इतिहास, संस्कृति और परंपरा है। कलाकार नृत्य और पारंपरिक मुखौटों के जरिए अपनी विरासत को मंच पर पेश करेंगे।  

उत्सव का आयोजन कोलकाता सांस्कृतिक विरासत समिति ग्रामीण हस्तशिल्प एवं सांस्कृतिक केंद्र परियोजना के तहत कर रही है। यह परियोजना यूनेस्को और राज्य के एमएसएमई तथा वस्त्र विभाग की संयुक्त पहल है।

उत्सव का मकसद अलग-अलग देशों की पारंपरिक नृत्य शैलियों और लोक कलाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाना है। साथ ही कलाकारों को एक-दूसरे से मिलने, अनुभव साझा करने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का मौका भी मिलेगा।

आयोजन में लुप्त होती पारंपरिक कलाओं को बचाने और उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर खास जोर रहेगा। कलाकारों को व्यापक पहचान, उनके काम को सम्मान और आजीविका के नए अवसर दिलाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।

आयोजकों के मुताबिक तीन देशों की पांच मुखौटा नृत्य शैलियों का यह संगम देशों के बीच दोस्ती और सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने की पहल है। उनका कहना है कि यह उत्सव बताएगा कि कला भाषा और सरहदों से परे लोगों को जोड़ती है।