नई दिल्ली, 18 नवंबर (वार्ता): केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में संयुक्त कार्रवाई के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट (lateef bhat) के मारे जाने पर सुरक्षा बलों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि पूरे अभियान में सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच उच्च स्तर का तालमेल देखने को मिला।

श्री शाह ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, "जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और खुफिया एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से घाटी में लश्कर-ए-तैयबा के अंतिम ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को आज तड़के कुलगाम में एक अभियान के दौरान मार गिराया गया।"

उन्होंने आगे लिखा, "उसके एक अन्य आतंकवादी सहयोगी उमर निसार को भी इससे एक दिन पहले मंगलवार कुलगाम में मार गिराया गया था। पूरे अभियान में सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच उच्च स्तर का तालमेल देखने को मिला। राष्ट्र जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों तथा खुफिया एजेंसियों के कर्मियों को सलाम करता है।"

मस्जिद में छिपा था आतंकी

अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा बलों को एक स्थानीय मस्जिद में भट के छिपे होने की पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने भट से आत्मसमर्पण करने की अपील की, लेकिन उसने इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी हुई, जिसमें वह मारा गया। भट पर 15 लाख रुपये का इनाम था।