नयी दिल्ली, 25 नवंबर: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश में निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरणों (सीआईई) के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को बुधवार को मंजूरी दे दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया।

बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि योजना के तहत इन उपकरणों और उनके कलपुर्जों के देश में निर्माण को प्रोत्साहन दिया जाएगा, साथ ही उनकी जांच के लिए एक विशेष परीक्षण केंद्र बनेगा। योजना को भारी उद्योग मंत्रालय लागू करेगा। इसका लक्ष्य भारत को इस क्षेत्र के वैश्विक बाजार में प्रमुख स्थान दिलाना और घरेलू उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाना है।

योजना के दायरे में बंदरगाहों पर माल चढ़ाने-उतारने वाली क्रेन, सुरंग खोदने वाली मशीनें, हाइड्रोलिक उत्खनन मशीनें और सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाले भारी वाहन जैसे आधुनिक उपकरण शामिल हैं। भारत का सीआईई उद्योग फिलहाल चीन और अमेरिका के बाद दुनिया में तीसरे स्थान पर है। वित्त वर्ष 2024-25 में इसका बाजार लगभग 97,500 करोड़ रुपये का था, जिसके 2029-30 तक दोगुने से अधिक बढ़कर करीब 2,28,100 करोड़ रुपये पहुंचने का अनुमान है।

आठ वर्ष की यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से लागू होगी। पहले दो वर्षों में विनिर्माण इकाइयां स्थापित होंगी, जबकि 2028-29 से 2032-33 तक पांच वर्ष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। अंतिम वर्ष 2033-34 में 2032-33 की अतिरिक्त बिक्री के आधार पर भुगतान का निपटारा होगा।

योजना के दो प्रमुख घटक हैं। पहले के तहत पात्र मूल उपकरण निर्माताओं और कलपुर्जा कंपनियों को अतिरिक्त बिक्री मूल्य पर 13 से 8 प्रतिशत तक घटती दर से पांच वर्ष तक प्रोत्साहन मिलेगा। दूसरे घटक में विशेष परीक्षण केंद्र के लिए 375 करोड़ रुपये तक की सहायता व्यवहार्यता अंतर अनुदान के रूप में दी जाएगी। सरकार के अनुसार इससे उत्पादन क्षमता और आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी, रोजगार बढ़ेंगे और भारतीय कंपनियां वैश्विक बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बनेंगी।