कोलकाता, 12 नवंबर। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को चेतावनी दी कि कथित अवैध निर्माण और सरकारी जमीन पर कब्जे के खिलाफ फाल्टा में चल रही सख्त कार्रवाई जल्द ही संदेशखाली में भी होगी।

हावड़ा के काजीपारा में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा, "क्या आपको 'पुष्पा' का 10 करोड़ रुपये का आलीशान घर नहीं दिख रहा? यह जमीन सरकार की है। सरकार इसे वापस लेगी और 'आवास योजना' के लिए इस्तेमाल करेगी। संदेशखाली में भी ऐसा ही होगा। यह बात याद रखें।"
मुख्यमंत्री का यह बयान दक्षिण 24-परगना जिला प्रशासन द्वारा फाल्टा के श्रीरामपुर में पूर्व तृणमूल कांग्रेस नेता जहांगीर खान उर्फ 'पुष्पा' के घर के कथित अवैध हिस्सों को गिराने की कार्रवाई शुरू होने के एक दिन बाद आया है। जहांगीर को टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता है।
यह कार्रवाई अदालत के आदेश के बाद की गई। अधिकारियों के अनुसार, बार-बार नोटिस के बावजूद जहांगीर ने अनधिकृत निर्माण नहीं हटाया, जिसके बाद जिला मजिस्ट्रेट ने तोड़फोड़ का आदेश दिया। बुधवार सुबह अधिकारी मौके पर पहुंचे, घर का बंद गेट तोड़ा और तोड़फोड़ से पहले फर्नीचर व अन्य सामान बाहर निकलवाया।
टीएमसी ने 2026 के विधानसभा चुनाव में जहांगीर को फाल्टा से उम्मीदवार बनाया था। मतदान के दिन धांधली के आरोपों के बाद वह सुर्खियों में आए, जिसके चलते चुनाव आयोग को इस सीट पर दोबारा मतदान का आदेश देना पड़ा। दोबारा मतदान से दो दिन पहले उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया।
बाद में जबरन वसूली और डराने-धमकाने समेत कई आरोपों में उन्हें नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया गया। उनकी पत्नी को भी गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल दोनों जेल में हैं।
मुख्यमंत्री की चेतावनी से संकेत मिलता है कि प्रशासन सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे के खिलाफ अपनी मुहिम को फाल्टा से आगे ले जाने की तैयारी में है.
