कोलकाता, 16 नवंबर। नचिकेत भूटे की धारदार गेंदबाजी (22 रन देकर 4 विकेट) के बाद कप्तान अथर्व तायडे (74) और दानिश मालेवार (नाबाद 67) के शानदार अर्धशतकों के दम पर विदर्भ ने सोमवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-डी मुकाबले में ओडिशा को आठ विकेट से हरा दिया। विदर्भ ने 162 रनों का लक्ष्य 14 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया।
टॉस जीतकर विदर्भ ने पहले गेंदबाजी चुनी। ओडिशा की टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 161 रन ही बना सकी। गौरव चौधरी ने सर्वाधिक 53 रन बनाए, जबकि कार्तिक बिसवाल ने 30, आशीर्वाद स्वैन ने 20, कप्तान स्वास्तिक समल ने 14 और देवव्रत प्रधान ने नाबाद 16 रनों का योगदान दिया। विदर्भ की ओर से भूटे के अलावा यश कदम ने दो विकेट लिए, जबकि सौरभ दुबे और वरुण बिष्ट को एक-एक सफलता मिली।
जवाब में विदर्भ ने 17.4 ओवरों में दो विकेट पर 162 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। तायडे ने 48 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 74 रन बनाए। उन्हें 13वें ओवर में सर्वेश्वर मोहंती ने पवेलियन भेजा। मालेवार 42 गेंदों में नौ चौकों और एक छक्के के साथ 67 रन बनाकर नाबाद लौटे। वरुण बिष्ट छह रन बनाकर आउट होने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे।
