नई दिल्ली, 16 नवंबर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर सोमवार को कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई। इसमें चुनावी रणनीति, समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन के फार्मूले और सीटों के बंटवारे समेत कई मुद्दों पर चर्चा की गई।

small_Mallikarjun_Kharge_dc71c21baf_b792f99382_copy_e11f8f47be
Mapanna Mallikarjun Kharge , CONGRESS PRESIDENT

बैठक में खरगे के अलावा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, प्रियंका गांधी वाड्रा, उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने, सीटों पर पार्टी की दावेदारी और चुनावी मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

'यूपी के चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे'

बैठक के बाद खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश के आने वाले चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे। प्रदेश की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है।"

उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस 'इंडिया' गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प पेश करेगी।

सीटों पर सहमति की कोशिश

सूत्रों के अनुसार, बैठक में सपा के साथ प्रस्तावित गठबंधन और सीट बंटवारे के फार्मूले पर व्यापक चर्चा हुई। दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या पर सहमति बनाने की कोशिशें जारी हैं। माना जा रहा है कि इस बारे में जल्द ही पार्टी के किसी वरिष्ठ नेता की ओर से मीडिया को अनौपचारिक जानकारी दी जा सकती है।