लखनऊ, 27 नवंबर: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के कानून-व्यवस्था को लेकर किए गए वादे पर तीखा हमला बोला है।

राजभर ने आरोप लगाया कि सपा के शासन में प्रदेश में गुंडों ने तांडव मचाया था और जमीन कब्जे, वसूली और अपराध चरम पर थे। उन्होंने कहा, "अब वही अखिलेश यादव होटल के हॉल में कसम खा रहे हैं कि उनकी सरकार में गुंडई नहीं होगी। इस कसम पर जनता कैसे भरोसा करेगी?"

तंज कसते हुए राजभर ने कहा, "अखिलेश यादव गंगा में खड़े होकर भी कसम खा लें कि सपा राज में अपराध नहीं होगा, तब भी जनता विश्वास नहीं करेगी, क्योंकि जनता ने उनका शासन देखा है।"

उन्होंने कहा कि नारे देने से अपराध कम नहीं होते। अपराध रोकने के लिए साफ नीयत और दृढ़ इच्छाशक्ति चाहिए, जो उनके मुताबिक अखिलेश यादव में नहीं है।

सपा के घोषणा-पत्र में अपराधियों को जेल भेजने के वादे पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि सिर्फ वादे और कसमें खाने से जनता का भरोसा नहीं जीता जा सकता, काम करके दिखाना पड़ता है।